वाराणसी। कैंट रेलवे स्टेशन पर सेना भर्ती में आए अभ्यर्थियों ने रविवार को जमकर हंगामा किया। मऊ जाने वाली ट्रेनों में धक्कामुक्की के चलते हालात इस कदर थे कि आम यात्रियों को बोगियों के पास जाने तक की जगह नहीं मिल पा रही थी। अभ्यर्थियों ने आरक्षित बोगियों पर भी कब्जा जमाया। इससे आम यात्रियों के साथ ही आरक्षित बोगियों के यात्रियों को भी खासी परेशानी झेलनी पड़ी।
मंडुवाडीह से चलने वाली इंटरसिटी, दादर एक्सप्रेस सहित कुछ अन्य ट्रेनों में तो पूरी तरह अभ्यर्थियों का कब्जा दिखा। मऊ से गुजरने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों में भी सेना भर्ती के अभ्यर्थियों ने धक्कामुक्की की। दोपहर बाद से शुरू हुआ अभ्यर्थियों का हंगामा रुक-रुक कर देर शाम तक चला। इस दौरान रेलवे के सुरक्षाकर्मी मूकदर्शक नजर आए। प्लेटफार्मों पर भी अभ्यर्थियों की भीड़ लगी थी। इससे आम यात्रियों को खासी मुसीबत झेलनी पड़ी। धक्कामुक्की खाने के बावजूद मऊ रूट के तमाम यात्री ट्रेनों में नहीं चढ़ पाए। मऊ जाने वाली सभी ट्रेनों में एक जैसी स्थिति रही। भीड़ प्रबंधन की रेलवे की पहले की तैयारियों का कहीं कोई असर नहीं दिखा। वहीं, 11 दिसंबर को होने वाली भर्ती में शामिल होने के लिए बलिया से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शाम से ही यहां पहुंचने लगे। स्टेशन परिसर में हर तरफ भीड़ लगी रही।