हरहुआ (वाराणसी)। बड़ागांव थाना क्षेत्र के बाबतपुर में शनिवार को एक कांवरिये को रोडवेज की बस ने टक्कर मार दी। इससे आक्रोशित कांवरियों ने आधे घंटे तक जौनपुर-वाराणसी मार्ग पर जाम लगा दिया और कई वाहनों में तोड़फोड़ की। मौके पर पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के काफी समझाने के बाद कांवरिये शांत हुए तब जाकर आवागमन शुरू हो सका।
सुल्तानपुर से सैकड़ों की संख्या में कांवरिए गोमती नदी से जल लेकर काशी विश्वनाथ मंदिर में चढ़ाने के लिए निकले थे। बाबतपुर स्थित चंद्रिका मां मंदिर पर रुककर उन्होंने भोजन किया और आगे के लिए निकले। उसी समय जौनपुर से वाराणसी की तरफ जा रही रोडवेज बस ने धम्मौर निवासी नन्हें कश्यप को धक्का मार दिया। साथ के कांवरिये जब तक कुछ समझ पाते तब तक चालक बस लेकर भाग निकला। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को बाबतपुर स्थित एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। इसके बाद साथी कांवरियों ने नारेबाजी करते हुए हाईवे पर जाम लगाकर वाहनों में तोड़फोड़ शुरू कर दी। एक ऑटो चालक को पीटकर घायल कर दिया।
मौके पर एसडीएम पिंडरा डॉ. एनएन यादव, सीओ पिंडरा अभिनव यादव, सीओ बड़ागांव शफीक अहमद खां पहुंचे। अधिकारियों ने समझाकर कांवरियों को शांत कराया। बाद में घायल कांवरिये को इलाज के लिए दीनदयाल अस्पताल भेज दिया गया।