दानगंज (वाराणसी)। क्षेत्र के ताला गांव में रविवार को सुबह हाईटेंशन तार टूट कर गिर गया। तार में 440 वोल्ट का करेंट प्रवाहित हो रहा था, जिसकी चपेट में आने से एक बालक की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
ताला गांव में रविवार की सुबह हाईटेंशन का जर्जर तार टूटकर गिरने से दर्जनों गांव की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। सूचना पर पहुंचे बिजली विभाग के कर्मचारियों ने तार को मेन लाइन से काट कर छोड़ दिया। आरोप है कि कुछ देर बार गांव के ही कुछ लोगों ने प्राइवेट मिस्त्री को बुला कर टूटे तार को जोड़वा दिया लेकिन बाद में बिजली आपूर्ति चाले होने पर तार फिर से टूट कर गिर गया। शाम को रमेश यादव का पुत्र अनुज यादव (10) खेलते समय उस तार की चपेट में आ गया, जिससे मौके पर ही मौत हो गई। चोलापुर के जेई रजा मोहम्मद का कहना है कि ग्रामीणों की लापरवाही के चलते हादसा हुआ है। कर्मचारियों ने तार को काट कर अलग कर दिया था लेकिन गांव के कुछ लोगों ने उसे फिर जोड़वा दिया। जिससे यह दुर्घटना हुई। थानाध्यक्ष चोलापुर विनय सिंह ने बताया कि इस मामले में जबरन तार जोड़वाने वाले ग्रामीण विजेंद्र, कमलेश और पिंटू यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।