निर्जला एकादशी पर दो दशक से निकलने वाली कलश यात्रा नहीं निकलेगी। एकादशी पर श्रद्धालुओं को बाबा का दर्शन नहीं मिल सकेगा। मंगलवार को निकलने वाली प्रतीकात्मक कलश यात्रा के लिए मंदिर प्रशासन ने जारी अनुमति को निरस्त कर दिया है। रविवार को काशी विशिष्ट विकास क्षेत्र के एसडीएम विनोद सिंह ने कलश यात्रा की अनुमति को निरस्त कर दिया।
काशी विश्वनाथ मंदिर के पूर्व महंत डॉ. कुलपति तिवारी ने बताया कि निर्जला एकादशी के दिन होने वाले विशिष्ट आयोजन वार्षिक कलश यात्रा दो दशक से काशी में निकल रही है। प्रतिवर्ष इस दिन हजारों भक्तों के हुजूम के साथ गंगा तट से कलश यात्रा निकलती थी। शहर की कई बैंड पार्टियां, शहनाई व नगाड़ा वादकों की टोलियां इसमें शामिल होती हैं। श्रद्धालु विश्वनाथ मंदिर पहुंचकर जलाभिषेक करते थे।