वाराणसी। वेतन सहित विभिन्न मांगों को लेकर पूर्वांचल विद्युत संविदा मजदूर संघ के बैनर तले मंगलवार को भिखारीपुर स्थित प्रबंध निदेशक कार्यालय के सामने कर्मचारियों ने धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। वक्ताआें ने कहा कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जातीं धरना चलता रहेगा। संघ के महामंत्री वीरेंद्र सिंह ने कहा कि उच्च अधिकारियों तथा विद्युत विभाग के संविदाकारों (ठेकेदारों) की मिली भगत के चलते कर्मचारियों की समस्याएं बढ़ती ही जा रही हैं। विद्युत विभाग के सभी अधिकारी जानते हैं कि अनुरक्षण से लेकर वसूली तक सभी कार्य संविदा, निविदा कर्मचारी ही करते हैं। बावजूद इसके जुलाई 2018 के अर्जित वेतन का भुगतान न होने के कारण संविदाकर्मी धरना देने को मजबूर हैं। महामंत्री ने बताया कि कई बार ऊर्जा मंत्री व कार्पोरेशन का आदेश हुआ कि सभी का भुगतान समय से कराया जाए। लेकिन अधिकारियों व ठेकेदारों की उदासीनता के कारण कर्मचारियों का शोषण जारी है। वक्ताओं ने कहा कि वेतन मांगने पर धमकी दी जाती है। होली पर्व नजदीक है फिर भी वेतन का भुगतान नहीं किया गया है। धरने में राजेश कुमार, कुंज बिहारी, महेंद्र पाल, मनोज, छोटे लाल, सुशील बाबू, देवेश, जवाहर प्रसाद, वीरेंद्र कुमार, लालजी, त्रिभुवन सिंह, राजेश यादव, दिनेश कुमार, रवींद्र कुमार, ध्यान चंद्र पटेल, संतोष वर्मा, राजेंद्र सिंह, जमुना पाल शामिल रहे। अध्यक्षता राजेश सिंह व संचालन वीरेंद्र सिंह ने किया।