वाराणसी। जब आतंकवाद का नाश होगा, तभी विश्व का विकास होगा, देश की धरती पर आतंकवाद बर्दाश्त नहीं, आतंकवाद इंसानियत पर कलंक, देश का नागरिक जागेगा, आतंकवाद भागेगा, एक हिंदुस्तान एक विधान, वतन पर जो फिदा होगा, अमर वो नौजवां होगा, अमर शहीदों का बलिदान नहीं भूलेगा हिंदुस्तान, ऐसे ही नारों से काशी की वीरांगनाओं ने आतंकवाद के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की।
मौका था बुधवार को आर्य महिला पीजी कॉलेज चेतगंज की छात्राओं द्वारा पुलवामा शहीद जवानों की श्रद्धांजलि देने के लिए निकाले गए शांति यात्रा का। जिसमें कॉलेज की छात्राओं ने आतंकवाद के खिलाफ पाकिस्तान को ललकारा। मार्च आर्य महिला पीजी कॉलेज परिसर से निकलकर संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय होते हुए वापस कॉलेज परिसर में आकर खत्म हुआ। शांति यात्रा में 1500 छात्राओं ने भाग लिया, जो अपने हाथों में बैनर व तख्तियां लेकर चल रही थीं। यात्रा में शामिल छात्राएं वंदेमातरम और भारत माता की जय के नारे लगाते हुए आगे बढ़ रही थी। संयोजन डॉ. भावना त्रिवेदी का रहा। यात्रा में कॉलेज के प्रबंधक डॉ. शशिकांत दीक्षित, प्राचार्य प्रो. रचना दूबे, डॉ. चंद्रकांता राय, डॉ. मंजू राय, डॉ. नमिता सिन्हा, डॉ. शचि मालवीय, डॉ. अनामिका सिंह, डॉ. ऋचा मिश्रा, डॉ. विश्वनाथ मिश्र आदि मौजूद रहे।