वाराणसी। मौसम में बदलाव का असर दिखने लगा है। पिछले एक पखवारे से तापमान में तेजी से उतार चढ़ाव जारी है। दिसंबर में अब तक का न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस 10-11 दिसंबर को रहा, जबकि अधिकतम तापमान 24.8 रिकॉर्ड किया गया। दिन में तेज धूप होने के बाद भी सर्दी का अहसास हो रहा है और शाम होते ही गलन बढ़ रही है।
दिसंबर के पहले सप्ताह से ही मौसम में बदलाव शुरू हो गया था। दिन में अधिकतम तापमान 25-26 डिग्री सेल्सियस होने की वजह से लोग बिना गर्म कपड़े के बाहर निकल रहे थे, लेकिन शाम को तापमान में गिरावट होने की वजह से ठंड लगने लगी। इससे अस्पतालों में सर्दी, खांसी, बुखार के मरीजों की संख्या भी बढ़ गई। चिकित्सक भी लोगों को शाम को घर या ऑफिस से बाहर निकलने पर गर्म कपड़े पहनकर निकलने और बिना चिकित्सकीय सलाह के दवा न लेने की सलाह दे रहे हैं। पिछले एक सप्ताह से न्यूनतम तापमान तेजी गिरा। 10-11 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस था, दो दिन बाद तापमान 13 तक पहुंच गया और अब न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस है।
दिसंबर का तापमान
16 दिसंबर 24.7 10.0
15 दिसंबर 25.8 11.4
12 दिसंबर 24.8 12.6
10 दिसंबर 25.6 9.2
9 दिसंबर 26.0 9.6
7 दिसंबर 26.0 11.2
6 दिसंबर 26.2 13.7
4 दिसंबर 26.6 11.8