ज्ञानपुर। काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में स्नातक प्रथम वर्ष की कक्षाओं में प्रवेश सोमवार को गहमागहमी के बीच संपन्न हो गया। मंगलवार से तय समय से महाविद्यालय में कक्षाएं चलेंगी। बीएससी मैथ और बायो की सीटें जहां भर चुकी हैं वहीं बीकाम, बीए में कुछ सीटें रिक्त रह गई हैं। छात्र-छात्राओं की बढ़ी संख्या के मद्देनजर महाविद्यालय की ओर से 33 प्रतिशत सीट बढ़ाने का प्रस्ताव विद्यापीठ को भेजा गया है।
काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में गत दो जुलाई से बीए, बीएससी और बीकाम प्रथम वर्ष का प्रवेश चल रहा है। करीब एक सप्ताह तक चला प्रवेश सोमवार को संपन्न हो गया। अंतिम दिन एडमिशन के लिए छात्र-छात्राओं की भीड़ उमड़ी। आनलाइन शुल्क जमा करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रवेश दिया गया। प्रवेश प्रभारी डॉ. रमेश चंद्र यादव ने कहा कि 10 जुलाई से महाविद्यालय में स्नातक प्रथम वर्ष की समय सारिणी के अनुसार कक्षाएं संचालित होंगी। उन्होंने बताया कि बीएससी मैथ की 300 और बायो की 320 सीटें भर गई हैं। बीकाम में 320 के सापेक्ष 290 सीटें भरी हैं। स्नातक की 780 सीटों में कुछ सीटें रह गई हैं। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय में छात्र-छात्राओं का प्रवेश बढ़ाने के लिए 33 प्रतिशत सीट बढ़ाने का प्रस्ताव काशी विद्यापीठ को भेजा गया है। वहां से हरी झंडी मिलने के बाद छात्र-छात्राओं का प्रवेश लिया जाएगा।