रोहनिया। यूपी 100 के पुलिस रिस्पांस व्हीकल (पीआरवी) के सिपाही सौरभ कुशवाहा ने रविवार को अपनी जान पर खेल कर सूखे कुएं में गिरी किशोरी को बचाया। रोहनिया थाना अंतर्गत सागरपुर दरेखू निवासी मन्ना राजभर की पुत्री नीतू (16) गांव के बाहर पुराने कुएं की जगत पर वह खुरपी की धार तेज करने के लिए उसे रगड़ रही थी। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने के कारण वह कुएं में गिर गई। सूचना पर रोहनिया इंस्पेक्टर और फायर ब्रिगेड के कर्मचारी पहुंचे लेकिन किसी की कुएं में उतरने की हिम्मत नहीं हुई। इसी बीच मौके पर पीआरवी से आए सिपाही सौरभ कुशवाहा रस्सी लेकर कुएं में उतरे और नीतू को बाहर निकाला। निजी अस्पताल में भर्ती नीतू की हालत स्थिर बताई गई है। सिपाही सौरभ का साहस और हिम्मत क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। वहीं, इंस्पेक्टर रोहनिया श्रीप्रकाश गुप्ता ने कहा कि उच्चाधिकारियों से उन्हें पुरस्कृत कराया जाएगा।