भदोही। नगर के अहमदगंज में निर्माणाधीन रेलवे ओवर ब्रिज का काम ठप होने से नगर की जनता परेशान है। प्रशासन की लापरवाही के चलते निर्माण कार्य अधूरा लटका हुआ है। रविवार को सपा अल्पसंख्यक सभा की बैठक में वक्ताओं ने रोष जताते हुए भाजपा शासन की आलोचना की। कहा कि सपा सरकार की देन है कि सड़कों का निर्माण हुआ, दो फ्लाईओवर मिले, भदोही-बाबतपुर सड़क फोर लेन में तब्दील हुआ लेकिन भाजपा जनप्रतिनिधियों ने आरओबी का काम रोकवा दिया।
सपा अल्पसंख्यक सभा के राज्य कार्यकारिणी सदस्य मुख्तार हाशमी ने कहा कि अहमदगंज आरओबी पर करोड़ों रुपये खर्च हो चुके हैं। यह जनता के साथ धोखा है। जनहित को ध्यान में रखते हुए आरओबी का निर्माण कार्य तत्काल पूरा कराना चाहिए। बैठक में तय किया गया कि यदि शीघ्र निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया तो कार्यकर्ता सड़क पर उतरेंगे। बैठक में रईस खां, नजीर आलम, इसरार अंसारी, नसीह हाशमी, कमाल खां, बबलू शाह, सलाहुद्दीन, छेदी स्वर्णकार, बदरे आलम, इमरान अंसारी, नईम अंसारी, कल्लू खां, जलील हाशमी, मुमताज मंसूरी आदि मौजूद थे।