भदोही। सपा अल्पसंख्यक सभा ने भदोही नगर पालिका परिषद सीमा के विस्तार के प्रयासों की निंदा की है। सोमवार को पकरी तिराहे स्थित एक प्रतिष्ठान में आयोजित बैठक में संगठन के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मुख्तार हाशमी ने कहा कि नगर पालिका को मौजूदा 25 वार्डों में जरूरी सुविधाएं विकसित करना चाहिए। सीमा विस्तार के बारे में सोचना विकास के लक्ष्य को दरकिनार करना है। यदि पालिका सीमा विस्तार का प्रयास करती है तो सपा आंदोलन करेगी।
हाशमी ने कहा कि भदोही में जल निकासी, पेयजल, सड़क आदि समस्याओं से जनता जूझ रही है। इन समस्याओं का निराकरण करा कर कालीन नगरी की साख को बढ़ाने का प्रयास करना चाहिए। ऐसे में सीमा विस्तार का प्रयास जनता से धोखा होगा। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान बोर्ड की पहली बैठक में ही विकास कार्यों पर मंथन करने के बजाए सीमा विस्तार के प्रस्ताव को मंजूरी देकर प्रदेश सरकार को भेज दिया गया। सपा ऐसी सोच की निंदा करती है। घमहापुर, पूरेरहीम, रेवडापरसपुर, रजपूरा, कुशियरा, पकरी, जलालपुर प्रथम, मामदेवपुर, मथुरापुर आदि पिछड़े वार्डों के विकास के बारे में तत्काल कार्रवाई की जाए। बैठक में अशोक सरोज, गोविंद गौतम, शंकर यादव, छेदी स्वर्णकार, बदरे आलम, सरवर आलम, डब्बू यादव, राम आश्ररे, श्यामलाल, घनश्याम पासी, नवल किशोर, नंदलाल पाल आदि उपस्थित रहे।