चौरी। थानाक्षेत्र के एक गांव में बीएड की छात्रा से दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। छात्रा की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक पर एससी एसटी और दुष्कर्म का केस दर्ज कर मामले की छानबीन में शुरू कर दी है। छात्रा को पुलिस ने मेडिकल के लिए भेज दिया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कई बार दबिश दी, लेकिन वह गिरफ्त में नहीं आ सका।
चौरी थानाक्षेत्र के एक गांव की बीएड की छात्रा ने मंगलवार को चौरी थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि नौकरी दिलाने और बीएड में अच्छे नंबर दिलाने के नाम पर आरोपी युवक कई माह से उसका शारीरिक शोषण कर रहा था। एक सप्ताह पूर्व उसने मेरे साथ दुराचार भी किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस तत्काल हरकत में आ गई। आनन-फानन में पुलिस ने दुष्कर्म एवं एससीएसटी का केस दर्ज कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी शादीशुदा है। मामले की छानबीन की जा रही है। सीओ औराई पवन कुमार ने कहा कि इस प्रकरण में केस दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।