वाराणसी। आईपी मॉल और जेएचवी मॉल में आग लगने की घटना के बाद जिला प्रशासन ने विकास प्राधिकरण को शहर के सभी व्यवसायिक प्रतिष्ठानों की जांच करने का निर्देश दिया है। नक्शे के विपरीत निर्माण हुआ होगा तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी से प्रतिष्ठानों से होने वाले वायु प्रदूषण के संदर्भ में रिपोर्ट मांगी है।
एडीएम सिटी वीरेंद्र पांडेय ने विकास प्राधिकरण के सचिव विशाल सिंह को पत्र लिखकर कहा है कि 20 अक्तूबर को जेएचवी मॉल और इसके पूर्व आईपी मॉल में आग लगी थी। आईपी माल में नक्शे के विरुद्ध स्टोर रूम बनाया गया था। दोनों स्थानों पर गंभीर हादसे हो सकते थे। वहीं, जालपा में दो मंजिले प्लास्टिक के गोदाम में भी आग लगी थी। इन घटनाओं के मद्देनजर शहर के सभी मॉल और व्यवसायिक प्रतिष्ठानों की जांच कराएं कि उनका निर्माण नक्शे के अनुरूप हुआ है या नहीं। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को भी पत्र जारी कर कर वायु प्रदूषण के संबंध में जांच करने को कहा गया है। दोनों अधिकारियों से 15 दिन के अंदर रिपोर्ट मांगी गई है। अग्निशमन और विद्युत विभाग से भी सुरक्षा उपायों के मद्देनजर रिपोर्ट मांगी गई है।