वाराणसी। जेसीआई काशी शिवगंगा की सदस्यों ने मंगलवार की शाम अपने पिया के नाम कर दिया। ‘एक शाम पिया के नाम’ तीजोत्सव की इस संध्या में महिलाओं ने नृत्य संगीत के साथ जमकर मस्ती की। लहंगे, साड़ी के साथ मैचिंग सोलह शृंगार में सजी इन सुहागिनों ने हरितालिका तीज के उपलक्ष्य में आयोजित इस संध्या में कजरी का रंग घोला तो बनारस की मस्ती का भी पूरा आनंद लिया। ‘बनारस की तीज’ थीम पर आयोजित इस तीजोत्सव में शिव मंदिर का पूजन अर्चन भी जीवंत हुआ। साज सज्जा में भी ग्रामीण परिवेश का रंग नजर आया।
तीजोत्सव में आने वाली सभी सदस्यों का स्वागत पीले सिंदूर और फूलों का हार पहनाकर किया गया। गणेश वंदना से कार्यक्रम की शुरुआत हुई तो उसके बाद नृत्य संगीत की इस बेला कजरी और सावन गीतों की धूम रही। ‘...कैसे खेलन जइबू सावन में कजरिया’ गीत पर प्रिया, पूजा, ममता और रीना ने बेहतरीन नृत्य पेश किया। ‘मोरनी बागा में नाचे आधी रात में...’ गीत पर शिखा बसवाल ने नृत्य कर सभी को मुग्ध किया। तीज की मस्ती पर सदस्यों ने स्किट भी पेश किया। इसके अलावा तीज पर कई मनोरंजक खेलों से भी पूरा आनंद लिया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एथलीट नीलू मिश्रा रहीं। अध्यक्षता रानिका जायसवाल ने की। संयोजन प्रिया अग्रवाल, सीमा गिरी, ममता व रश्मि का रहा। कार्यक्रम में डॉ. श्वेता, अनीता, पायल, सुनीति, कीर्ति, सीमा, रेशमा आदि मौजूद रहीं। धन्यवाद ज्ञापन मीनू उपाध्याय ने किया।