सारनाथ। थाना क्षेत्र के आंनद नगर कॉलोनी में गुरुवार को अपनी मां सुमन गुप्ता की आंख में कैंची घोंपने के मामले में पुलिस ने आरोपी पुत्र चंदन गुप्ता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। सुमन के छोटे बेटे सीमांत की तहरीर पर सारनाथ पुलिस ने धारा 323,326,307 के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी चंदन गुप्ता को जेल भेजा। सुमन का इलाज चल रहा है। उसकी हालत गंभीर बताई गई है। गौरतलब है कि गुरुवार को आनंद नगर कॉलोनी निवासी चंदन गुप्ता ने अपनी मां सुमन गुप्ता को पारिवारिक विवाद के दौरान दोपहर में कैंची से दोनों आंखें फोड़ दी थी। इसके बाद उसने पुलिस के समक्ष समर्पण कर दिया था। सुमन के पति जम्मू कश्मीर में सेना में नायाब सूबेदार हैं। वह शुक्रवार को वाराणसी लौटे।