वाराणसी जिले में कोरोना संक्रमण की रफ्तार तो थोड़ी कम हो गई है लेकिन दिन प्रतिदिन मौत का आंकड़ा तेजी से बढ़ता जा रहा है। मौत के आंकड़े को कम करना ही स्वास्थ्य विभाग के लिए चुनौती बनी हुई है। इस महीने छह दिन में ही 69 लोगों की मौत हो गई है। बृहस्पतिवार को अलग-अलग जगहों से कुल 876 नए मरीजों में कोरोना की पुष्टि हुई है, जबकि नौ लोगों की मौत भी हुई है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से मंडलीय अस्पताल, रामनगर अस्पताल समेत अलग-अलग जगहों पर 9603 लोगों की जांच गई, जबकि 10667 सैंपल की रिपोर्ट मिली है। बृहस्पतिवार को सबसे ज्यादा बाबतपुर एयरपोर्ट पर 30 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। होमी भाभा कैंसर अस्पताल में 15, बीएलडब्ल्यू परिसर में आरपीएफ बैरक समेत अन्य जगहों से कुल 20 से अधिक लोग संक्रमित पाए गए हैं। सीएससी चोलापुर में 15 और स्वामी विवेकानंद भेलूपुर में भी जांच कराने वाले पांच के साथ ही पॉपुलर हॉस्पिटल, बीएचयू कैंपस, ककरमता, लहरतारा, मंडुआडीह, पांडेयपुर, चितईपुर सहित अलग-अलग जगहों पर रहने वाले लोग संक्रमित हुए हैं।
मौत का आंकड़ा 625 पहुंचा, 13306 अब भी संक्रमित
जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत का आंकड़ा बढ़ते-बढ़ते अब 625 तक पहुंच गया है, जबकि 13306 लोग अब भी होम आइसोलेशन और अस्पतालों में हैं। नए मरीजों के मिलने के बाद अब जिले में कुल संक्रमित होने वाले मरीजों की संख्या भी 72477 पहुंच गई है। बृहस्पतिवार को होम आइसोलेशन में 1273 लोग स्वस्थ हुए और अस्पताल से 128 लोगों को डिस्चार्ज किया गया। अब 72477 में 58546 डिस्चार्ज, 625 की मौत के बाद 13306 सक्रिय मरीज हैं।
बीएचयू में 3, ईएसआईसी में चार मरीजों की मौत
बृहस्पतिवार को 9 मरीजों की मौत में बीएचयू में 3 और ईएसआईसी में 4 मरीजों की मौत हुई है, जबकि एपेक्स, दीनदयाल में एक-एक मरीज की मौत हुई है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी मेडिकल बुलेटिन के मुताबिक बीएचयू में भर्ती करौंदी निवासी 70 वर्षीय पुरुष, कुरौना निवासी 67 वर्षीय महिला के साथ ही तेलियाबाग निवासी 52 वर्षीय पुरुष की मौत हुई है जबकि ईएसआई हॉस्पिटल में भर्ती चोलापुर निवासी 70 वर्षीय महिला, सोनारपुरा निवासी 41 वर्षीय महिला, सारनाथ निवासी 48 वर्षीय पुरुष के साथ ही प्रेमचंद नगर कॉलोनी निवासी पांडेपुर निवासी 40 वर्षीय महिला की मौत हुई।
इस माह मौत का आंकड़ा
06 मई 9
05 मई 9
04 मई 8
03 मई 17
02 मई 11
01 मई 15