वाराणसी। सेंट्रल हिंदू स्कूल (बालक एवं बालिका) में दाखिले के लिए गुुरुवार से प्रवेश परीक्षाएं शुरू हो गईं। 29 अप्रैल तक चलने वाली परीक्षा में पहले दिन ग्यारहवीं कला-वाणिज्य वर्ग की प्रवेश परीक्षा में वैसे तो हिंदी, सामान्य ज्ञान, संगीत आदि क्षेत्रों से सवाल पूछे ही गए लेकिन परीक्षार्थी भाजपा को लेकर पूछे गए सवाल पर चौंक गए। परीक्षा के बाद केंद्र के बाहर छात्र इसकी ही चर्चा करते रहे। बीएचयू परिसर में बने 12 केंद्रों पर 9229 परीक्षार्थियों में से 7331 ने परीक्षा दी। शुक्रवार को जीव विज्ञान वर्ग की परीक्षा 29 केंद्रों पर होगी।
बीएचयू में स्नातक, स्नातकोत्तर प्रवेश परीक्षा की तैयारियों के साथ-साथ सीएचएस में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा की शुरूआत हो गई। गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लंका से गोदौलिया तक रोड शो था, इस वजह से लंका गेट से लेकर परिसर में बैरीकेडिंग होने से परीक्षार्थियों को केंद्र पर समय से पहले पहुंचने को कहा गया था। यही कारण रहा कि 8 बजे सुबह होने वाली परीक्षा के लिए कई अभ्यर्थी छह बजे ही केंद्र पर पहुंच गए। सुबह 8 से 10 बजे तक विश्वविद्यालय परिसर में 12 केंद्राें पर हुई परीक्षा में 1898 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। पेपर में आठवें नंबर के सवाल में किस भारतीय राज्य में भाजपा की सरकार नहीं है, पूछा गया जबकि नौवें नंबर पर देश के कपड़ा मंत्री का नाम और 18 वें नंबर के सवाल में भाजपा का गठन किस वर्ष में हुआ, पूछा गया। आठवें सवाल के जवाब में यूपी, उत्तराखंड, आसाम, केरला चार जवाब दिया था जबकि नौवें नंबर वाले में निर्मला सीतारमण, स्मृति ईरानी, सुषमा स्वराज और मेनका गांधी का नाम दर्ज था। इसके अलावा भाजपा के गठन वाले साल में भी चार विकल्प दिए गए थे। केंद्र और राज्य में भाजपा की सरकार है। ऐसे में इस तरह के सवाल की चर्चा की वजह बने रहे।