वाराणसी। कबीरचौरा स्थित जिला महिला अस्पताल में गुरुवार को दोपहर में प्रसव के बाद महिला की मौत पर परिजनों ने जमकर हंगामा किया। ऑपरेशन थिएटर में तोड़फोड़ की और चिकित्सकों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने समझा बुझाकर मामला शांत कराया। घटना में ऑपरेशन थिएटर में रखे करीब आधा दर्जन उपकरण भी टूट गए हैं।
महिला अस्पताल में बुधवार दोपहर अर्दली बाजार निवासी अतुल सेठ की पत्नी चंदा (25) को भर्ती कराया गया, जहां गुरुवार को उसका प्रसव हुआ। परिजनों के मुताबिक प्रसव के बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी, इसकी जानकारी ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक और स्टाफ नर्स को दी गई। तबीयत बिगड़ता देख चिकित्सकों ने उसे दूसरे अस्पताल में शिफ्ट करने की बात कही। अभी यह सब चल ही रहा था कि महिला की मौत हो गई। हालांकि नवजात पूरी तरह ठीक है।
घटना की जानकारी होते ही परिजन ऑपरेशन थिएटर पहुंचकर हंगामा करने लगे और वहां रखे उपकरणों को फेंकने लगे। घटना से करीब आधे घंटे तक अफरातफरी का माहौल रहा। मामले में परिजनों की ओर से पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है। इस बारे में पूछे जाने पर अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक डॉ. आरपी कुशवाहा ने इलाज में लापरवाही के आरोप को निराधार बताते हुए कहा कि ऑपरेशन थिएटर में उपकरण टूट गए हैं, जिनकी सूची शुक्रवार को तैयार कराकर उसे उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी।