वाराणसी। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल, इंटरमीडिएट की कापियों के मूल्यांकन में थोड़ी तेजी आई है। 10 मार्च से अब तक 30 प्रतिशत कापियों का मूल्यांकन हुआ है। मार्च के अंत तक मूल्यांकन कार्य खत्म करने का लक्ष्य रखा गया है। जिसके लिए परीक्षकों की संख्या पहले की तुलना में बढ़ा दी गई हैं। जिले में राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज, प्रभु नारायण पीजी कॉलेज रामनगर और महाबोधि इंटर कॉलेज सारनाथ में कापियों का मूल्यांकन चल रहा है। तीनाें केंद्रों पर करीब आठ लाख कापियों की जांच होनी है। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से आठ मार्च की तिथि प्रस्तावित की गई थी लेकिन शुरू के दो दिन परीक्षकों के बहिष्कार की वजह से कापियां नहीं जंच सकी। डीआईओएस डॉ. विजय प्रकाश सिंह की चेतावनी का असर दिख रहा है। शुरूआती दिनाें की तुलना में अब तीनों केंद्रों पर डीएचई (डिप्टी हेड एक्जामनर) के साथ ही परीक्षकों की संख्या भी बढ़ी है। इस बारे में डीआईओएस ने बताया कि इसी महीने के अंत तक मूल्यांकन कार्य पूरा होने की संभावना है। जिन विषयों की कापियां अधिक थी, उनके परीक्षकों की संख्या बढ़ा दी गई हैं।