वाराणसी। भदोही में शनिवार को स्कूल वैन में आग लगने से झुलसे बच्चों की हालत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। बीएचयू ट्रामा सेंटर में जहां पांच बच्चों का आईसीयू में इलाज चल रहा है, वहीं 14 बच्चों को जनरल सर्जरी वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है। यहां चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ बच्चों पर नजर बनाए हुए हैं। रविवार को ट्रामा सेंटर में पहुंचे भदोही के डीएम राजेंद्र प्रसाद ने बच्चों को देखा और परिजनों से बातचीत की।
स्कूल वैन में आग लगने से 19 बच्चे झुलस गए थे। भदोही में प्राथमिक उपचार के बाद दोपहर में सभी को बीएचयू ट्रामा सेंटर लाया गया, यहां पांच बच्चों को आईसीयू में भर्ती कराया गया, बाकी का इमरजेंसी में इलाज हुआ। इस बीच जिन बच्चों का शनिवार को रेड जोन में रखकर इलाज किया गया, उन्हें जनरल सर्जरी वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। यहां भर्ती करीब दस बच्चों का चेहरा अधिक झुलसा है, तो कुछ के हाथ-पैर में चोट आई है। इसमें कुछ की आंखों से दिखाई भी नहीं दे रहा है। उनके चेहरे पर पट्ट बांधी गई है। चिकित्सकों के मुताबिक तीन-चार दिन बाद पट्टी खुलने के बाद ही पता चलेगा कि आंख और चेहरे पर घाव कितना है। इधर, ट्रामा सेंटर के बाहर परिजनों की भीड़ लगी रही। हर कोई घटना के कारणों से लेकर बच्चों के इलाज तक की चर्चा करता रहा।
पांच-पांच हजार रुपये और दो-दो कंबल दिए
स्कूल वैन में आग लगने से जो बच्चे झुलसे हैं, उनके परिजनों को रविवार को भदोही जिला प्रशासन की ओर से पांच-पांच हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई। जिलाधिकारी के निर्देश पर तहसीलदार ने भर्ती बच्चों की सूची से मिलान कर उनके परिजनों को आर्थिक सहायता और दो-दो कंबल दिए।