वाराणसी। प्रवासी भारतीय सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। जिलाधिकारी सुरेंद्र सिंह रविवार को प्रधानमंत्री कार्यालय में प्रवासी भारतीय दिवस की तैयारी और सम्मेलन के दौरान होने वाले आयोजन की कार्ययोजना बताएंगे। इसके लिए आडियो विजुअल प्रजेंटेशन तैयार किया गया है।
21 से 23 जनवरी तक आयोजित होने वाले प्रवासी भारतीय सम्मेलन में दुनिया भर के मेहमानों को वाराणसी के सांसद नरेंद्र मोदी ने आमंत्रण पत्र भेजे हैं। इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने कई बार मंचों से प्रवासी भारतीय सम्मेलन के अनूठे आयोजन और काशी में तैयारियों का आह्वान कर चुके हैं। प्रवासी सम्मेलन के एक सप्ताह पहले वाराणसी में की गई तैयारियों की समीक्षा प्रधानमंत्री करेंगे। पीएम के सामने टेंट सिटी, हस्तकला संकुल, बड़ालालपुर स्टेडियम में होने वाले आयोजन, अलग अलग प्रदर्शनी, शहर की तैयारियों के अलावा काशी को सुंदर बनाने के लिए किए गए प्रयासों को वीडियो के जरिए प्रस्तुतीकरण दिया जाएगा। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 29 दिसंबर के दौरे में भी प्रवासी भारतीय सम्मेलन की तैयारियों का प्रस्तुतीकरण किया गया था। उस दौरान पीएम मोदी ने सम्मेलन की कार्ययोजना में बदलाव का सुझाव दिया था। जिलाधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि प्रवासी भारतीय दिवस की तैयारियों का प्रस्तुतीकरण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देखेंगे।