वाराणसी। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड के सहयोग से नागेश ट्रॉफी के तहत बीएचयू के एंफीथिएटर मैदान में गुरुवार को तीन लीग मुकाबले हुए। उत्तर प्रदेश ने त्रिपुरा और हिमाचल प्रदेश से हुए अपने दोनों मुकाबले जीत लिए और त्रिपुरा के खिलाफ 15 ओवर में 265 रन बनाकर एक नया रिकॉर्ड भी कायम किया। वहीं झारखंड ने भी हिमाचल प्रदेश पर शानदार जीत दर्ज की।
देश के अलग-अलग क्षेत्रों में नागेश ट्रॉफी के अंतर्गत लीग मुकाबलों का आयोजन किया जा रहा है। चेन्नै, बंगलूरू, कोलकाता सहित कई क्षेत्रों में लीग मैच हो रहे हैं। पहला लीग मैच झारखंड और हिमाचल के बीच हुआ। हिमाचल की टीम ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग का फैसला किया। बैटिंग करने उतरी झारखंड की टीम ने 15 ओवर में छह विकेट पर 167 रन बनाए। जवाब में खेलने उतरी हिमाचल प्रदेश की पूरी टीम 126 रन ही बना सकी।
दूसरा मुकाबला उत्तर प्रदेश और त्रिपुरा टीमों के बीच हुआ। त्रिपुरा ने टॉस जीता और फील्डिंग करने का फैसला किया। उत्तर प्रदेश ने 15 ओवर में 265 रन बनाए। उत्तर प्रदेश ने केवल तीन विकेट गंवाए। जवाब में खेलने उतरी त्रिपुरा की पूरी टीम 58 रन पर ऑल आउट हो गई।। उत्तर प्रदेश की ओर से 72 रन और दो विकेट लेने वाले जीशान हैदर को मैन ऑफ द मैच मिला। वहीं चंदन 120 रन बनाकर नाट आउट रहे। तीसरा मैच हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश के बीच हुआ। उत्तर प्रदेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। मुहम्मद फैसल के 109 रन और चंदन के 79 रन की मदद से तीन विकेट खोकर 206 रन बनाए। जवाब में खेलने उतरी हिमाचल प्रदेश की पूरी टीम 106 रन ही बना सकी। विजयी उत्तर प्रदेश की टीम तमिलनाडु जाएगी जहां दो मैच खेलेगी।