महराजगंज। औराई विकास खंड के चकापुर फीडर से गत 24 घंटे से बिजली आपूर्ति ठप होने से 30 गावों में अंधेरा हो गया है। इससे ग्रामीणों में नाराजगी है। आरोप है कि संविदा कर्मियों और ठेकेदारों की मनमानी से आए दिन बिजली आपूर्ति बाधित होती है। आला अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई पर कोई सुनवाई नहीं हुई। औराई के महराजगंज के समीप चकापुर फीडर स्थित है। उक्त फीडर से आसपास के 25 से 30 गावों में बिजली आपूर्ति की जाती है। उक्त फीडर से शनिवार शाम को गुल बिजली रविवार शाम तक नहीं आई। इससे बनौली ,परानापुर, इटवा, गहरवारी, भीटी, गेगरांव, महानंदपुर ,गुलालपुर , पटखौली, बारीपुर , भगवानपुर विक्रमपुर , कोलाहलपुर, द्वारिकापुर समेत 30 गावों में 24 से बिजली गायब है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि फीडर और उपकेंद्रो को ठेकेदारों को दिया गया है। ठेकेदार ऐसे लोगों को काम पर रखे हैं जिनको ज्यादा जानकारी नहीं है। आए दिन उक्त फीडर से बिजली आपूर्ति ठप रहती है। इससे रात के अंधेरे में लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। लाईट, पंखे संग अन्य विद्युत उपकरण बंद पड़े हैं। आरोप लगाया कि संविदा कर्मी तार सही करने, फ्यूज जोड़ने के नाम पर ग्रामीणों से सुविधा शुल्क मांगते हैं। अगर नहीं देते हैं तो खामियां कई दिनों तक सही नहीं की जाती। अवर अभियंता सुजीत पटेल ने कहा कि तार टूटने से सप्लाई बाधित है। उसे जोड़ लिया गया है, जल्द ही आपूर्ति सही कर दी जाएगी।