ज्ञानपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी आयुष्मान भारत योजना का लाभ जिले में 80 हजार परिवारों को मिलेगा। 2011 की आर्थिक जनगणना के आधार पर पर लाभार्थियों का चयन किया गया है। ग्रामीण इलाकों के लाभार्थियों की सूची में खामियों मिलने से स्वास्थ्य विभाग को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लाभार्थियों के उपचार के लिए जिला अस्पताल ज्ञानपुर के अलावा भदोही के दो निजी अस्पतालों को चिह्नित कर शासन को पत्र भेजा गया है। कुछ और अस्पतालों से प्राप्त आवेदनों का सत्यापन किया जा रहा है। महंगाई के दौर में देश की बड़ी आबादी पैसे के अभाव में अपना बेहतर उपचार नहीं करा पाती। ऐसे लोगों को अच्छे अस्पताल में उपचार का लाभ दिलाने के लिए केंद्र सरकार ने आयुष्मान भारत योजना को लागू की है। इस योजना में लाभार्थी के परिवार के प्रत्येक सदस्य के उपचार पर पांच लाख तक का लाभ मिलेगा। लाभार्थी पर आने वाला खर्च सरकार सीधे अस्पतालों को भेजेेगी। इस योजना में जिले के करीब 80 हजार परिवारों को शामिल किया गया है। इसमें नगर क्षेत्र के 15 हजार तो ग्रामीण इलाकों के 65 हजार परिवार शामिल हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सतीश सिंह ने कहा कि 2011 की आर्थिक जनगणना के आधार पर लाभार्थियों का चयन किया गया है। उन्होंने कहा कि योजना के तहत ज्ञानपुर जिला चिकित्सालय के अलावा भदोही के दो निजी अस्पतालों की संस्तुति कर शासन को भेजा गया है। इनके अलावा कुछ अस्पतालों से प्राप्त आवेदनों का सत्यापन कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि गांवों से प्राप्त सूची में काफी खामियां मिली हैं, जिससे परेशानी हो रही है। कहा कि अस्पताल का चयन करने के बाद लाभाथियों का उपचार शुरू कर दिया जाएगा। इसके लिए उन्हें स्वास्थ्य कार्ड जारी किया जाएगा।