कर्नाटक के राज्यपाल इस्तीफा दें : अंजान
अमर उजाला ब्यूरो
मऊ। भाकपा के राष्ट्रीय सचिव अतुल कुमार अंजान ने शनिवार को कर्नाटक के राज्यपाल से नैतिकता के आधार पर इस्तीफे की मांग की है। कहा है कि पिछले तीन दिनों में भाजपा की कारगुजारी से उसका चेहरा जनता के सामने आ गया है।
उन्होंने कहा कि बहुमत साबित करने से पूर्व ही इस्तीफे से सामने आ गया है कि सरकार बनाने के लिए भाजपा विधायकों की खरीद-फरोख्त में जुटी रही। कहा कि येदियुरप्पा ने भाजपा को सत्तारुढ़ बनाए रखने के लिए गवर्नर के पद का दुरुपयोग कराया। इसके बावजूद भी विधानसभा में बहुमत न पाता देखकर इस्तीफा देना पड़ा। कहा कि कई केंद्रीय मंत्री बंगलूरू में विधायकों की खरीद-फरोख्त में जुटे रहे। अंजान ने 2019 लोकसभा चुनाव से पूर्व देश की सभी धर्मनिरपेक्ष राजनीतिक पार्टियों से लामबंद होकर भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आगे आने की अपील की है।