वाराणसी। रमना में निर्माणाधीन 50 एमएलडी क्षमता के एसटीपी का काम शनिवार की दोपहर ग्रामीणों ने रुकवा दिया। सड़क और पथ प्रकाश की व्यवस्था न होने से नाराज ग्रामीणों ने नगर आयुक्त पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया। उनका कहना था कि एसटीपी के निर्माण की शुरुआत के वक्त नगर आयुक्त ने प्लांट के किनारे से जाने वाली सड़क बनवाने और आवागमन में सुविधा के लिए स्ट्रीट लाइट लगवाने का भरोसा दिलाया था लेकिन अब तक कोई कदम नहीं उठाया गया।
रमना गांव के प्रधानपति अमित पटेल की अगुवाई में ग्रामीणों ने एसटीपी का निर्माण कार्य रुकवाने के बाद विरोध प्रदर्शन किया। चेतावनी दी कि सड़क का निर्माण और स्ट्रीट लाइट का काम जल्द शुरू न कराया गया तो निर्माण नहीं होने दिया जाएगा। मौके पर पहुंचे ईईएसएल के अधिकारी चंदन कुमार ने ग्रामीणों से तीन दिन की मोहलत ली। भरोसा दिलाया कि इस दौरान सड़क और स्ट्रीट लाइट के बारे में पहल सुनिश्चित कराई जाएगी।