वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन की तैयारियों का जायजा लेने सीएम योगी आदित्यनाथ दो दिन के दौरे के बाद शनिवार की सुबह वाराणसी से लखनऊ लौट गए। सुबह करीब नौ बजे वह भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय के विनायका स्थित आवास पर पहुंचे और उनके भतीजे कौस्तुभ को आशीर्वाद दिया। कौस्तुभ की शनिवार को शादी हुई। प्रदेश अध्यक्ष के आवास पर ही कई विशिष्टजनों और विधायकों से मुलाकात भी की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के आवास से सीधे बाबतपुर एयरपोर्ट के लिए निकल गए। जहां से वह लखनऊ को रवाना हो गए। इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ प्रदेश के मंत्री अनिल राजभर, डॉ नीलकंठ तिवारी, विधायक रवींद्र जायसवाल, सौरभ श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे। कमिश्नर नितिन रमेश गोकर्ण, डीएम योगेश्वर राम, एसएसपी आरके भारद्वाज समेत अधिकारी सीएम को छोड़ने बाबतपुर गए थे। इस दौरान सीएम ने अधिकारियों को फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और पीएम नरेंद्र मोदी की तैयारियों में जुटने को कहा। सुरक्षा और सफाई का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया। इमैनुएल मैक्रों और पीएम नरेंद्र मोदी की अगवानी करने के लिए सीएम 12 मार्च की सुबह बबतपुर एयरपोर्ट आएंगे।