बदलापुर/घनश्यामपुर। श्रीकृष्णनगर रेलवे स्टेशन बदलापुर में मरुधर और सद्भावना एक्सप्रेस के ठहराव की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को स्टेशन पर ट्रेन रोकने का असफल प्रयास किया। हालांकि स्टेशन की तरफ जा रहे प्रदर्शनकारियों को आरपीएफ, जीआरपी और पुलिस बल ने रोक दिया। इसे लेकर पुलिस और प्रदर्शनकारियों में नोंकझोंक भी हुई।
केंद्रीय रेलराज्य मंत्री मनोज सिन्हा ने श्रीकृष्णनगर पर सद्भावना तथा मरुधर एक्सप्रेस के ठहराव का आश्वासन विधानसभा चुनाव के दौरान दिया था। लेकिन दोनों प्रमुख ट्रेनों का ठहराव आजतक नहीं हो सका। इसी मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता कई बार स्टेशन पर प्रदर्शन कर चुके हैं। शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ता वाराणसी से लखनऊ जा रही फरक्का एक्सप्रेस को रोकने जैसे ही स्टेशन की तरफ चले वैसे ही आरपीएफ के प्रभारी निरीक्षक विजयनाथ सिंह, उपनिरीक्षक वृजेश कुमार सिंह ने पुलिस बल के साथ घेराबंदी कर प्रदर्शनकारियों को प्लेटफार्म तक पहुंचने से रोक दिया। प्रदर्शनकारियों ने रेलवे बोर्ड के चेयरमैन के नाम संबोधित पत्रक स्टेशन अधीक्षक कृष्णानंद पाण्डेय तथा उपजिलाधिकारी रमापति राम विन्द को सौंपा। आंदोलन की अध्यक्षता पूर्व जिला पंचायत सदस्य जया दुबे तथा संचालन एवं आयोजन इंद्रमणि दुबे ने किया । मौके पर मुंशीरजा ,विवेक यादव ,महात्मा शुक्ल , सुनील गौतम , नीलेश पाण्डेय ,योगेश , रमेश , रिंकू गोतम ,महेश उपाध्याय ,दिलीप खरवार , लालसाहब , बाबूराम ,मनोज कुमार , विरेन्द्र कुमार , सुरेन्द्र शर्मा आदि लोग मौजूद थे ।