जौनपुर। आयुष्मान भारत योजना के पात्र लाभार्थियों को अब सीएचसी से भी कार्ड देने की व्यवस्था है। पात्र व्यक्ति के अंगूठा के प्रिंट लेकर कार्ड बनाने की व्यवस्था की जा रही है। जिसके लिए तीस रुपये फीस जमा होगी। अब तक चयनित लाभार्थियों में से सात सौ लोगों को कार्ड बना कर दिया गया है। चार सरकारी अस्पतालों के अलावा एक निजी अस्पताल का चयन किया गया है। निजी अस्पताल इस योजना में अनुबंध कराने में रुचि नहीं ले रहे हैं। अभी तक केवल एक निजी अस्पताल ने अनुबंध कराया है। मरीजों की सहायता के लिए हेल्प डेस्क स्थापित कर दी गई है। जो बाहर से आने वाले मरीजों को इलाज के बारे में जानकारी देगा। इस योजना में अब तक 1.83 लाख लोगों का चयन जिले में हो चुका है।
आयुष्मान योजना के लिए जिला अस्पताल, महिला अस्पताल, केराकत और बदलापुर का चयन किया गया है। अभी तक निजी अस्पताल के रूप में केवल ईशा अस्पताल ने अनुबंध कराया है। इन अस्पतालों को निर्देश है कि आयुष्मान योजना में चयनित पात्रों को पांच लाख तक के इलाज की सुविधा मुफ्त में दी जाए। यदि बीमारी छोटी है, तो उसी पैसे में से काट लिया जाएगा। मरीजों का पंजीकरण करने के लिए आयुष्मान मित्र का चयन नहीं किया गया है। अस्पताल में एक आपरेटर नियुक्त कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से चयनित चार सरकारी और एक निजी अस्पताल में पात्रों को उपचार की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। जिले में आयुष्मान भारत योजना के संचालन के लिए पैनल बन गया है। जिसमें डीएम, सीएमओ, डिप्टी सीएमओ और सीडीओ को शामिल किए गए हैं। योजना के मानीटरिंग सीएमओ देखेंगे।
इनसेट---
मरीज की कराई जाएगी क्रास चेकिंग
जौनपुर। आयुष्मान योजना के तहत जिन मरीजों का चयन किया गया है। जब इलाज कराने के लिए अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती होंगे तो उनकी क्रास चेकिंग कराई जाएगी। मरीज का नाम पोर्टल पर डालने के बाद तुरंत उसका विवरण कंप्यूटर के स्क्रीन पर आ जाएगा। जिससे मरीज की क्रास चेकिंग की जा सकेगी।
कोट---
चयनित पात्रों को शहीद उमानाथ सिंह जिला अस्पताल के अलावा अब सीएचसी से भी पात्रों को कार्ड दिया जा रहा है। इसके लिए बदलापुर और केराकत सीएचसी का चयन किया गया है। दोनों सीएचसी पर मशीन लगवा दी गई है। इससे लोगों को जिला मुख्यालय पर आकर नहीं भटकना पड़ेगा।
डा. रामजी पांडेय सीएमओ जौनपुर