कछवा रोड । आराजी लाइन ब्लाक के डूंगहरिया गांव के मुसहर बस्ती में गुरुवार को पीएम आवास योजना के तहत बने आवासों का निरीक्षण केंद्रीय सचिव ग्रामीण विकास विभाग अमरजीत सिन्हा और आयुक्त ग्रामीण विकास विभाग उत्तर प्रदेश ने किया। इस दौरान उज्जवला योजना के तहत गैस कनेक्शन नहीं मिलने की शिकायत मिली।
पीएम आवास लाभार्थी सूखा देवी ने कहा महुआ का पत्ता न मिलने से हम लोग परिवार का जीविका चलाने के लिए मजदूरी करने के लिए विवश हैं। बिदुना देवी ने कहा कि सरकार रहने के लिए आवास दे रही है लेकिन रोजी-रोटी का जुगाड़ नहीं किया गया। इस दौरान लाभार्थियों ने बताया कि उन्हें उज्जवला योजना के तहत गैस चूल्हा नहीं मिला जबकि अन्य लोगों को मिला है।
इसके बाद केंद्रीय सचिव ने रूपापुर गांव में पीएम आवास योजना के तहत बने मकानों का निरीक्षण किया। किरण देवी से पूछा कि दो आवास एक ही में बने हैं। किरण देवी ने बताया कि एक हमारा है और एक दूसरे का है। इसके बाद गांव में मॉडल तालाब के सुंदरीकरण का काम देखा। इसके पूर्व केंद्रीय सचिव ने किसान इंटर कॉलेज मिर्जामुराद के पास फाइबर रोड का निरीक्षण किया। खोचवां गांव की ग्राम प्रधान केशरा देवी ने स्वामी श्री अड़गड़ानंद जी महाराज द्वारा लिखी गई यथार्थ गीता केंद्रीय सचिव भेंट की।