भदोही। नगर स्थित महाराजा बलवंत सिंह राजकीय चिकित्सालय के स्टोर रूम में मंगलवार को तड़के आग लगने से अफरातफरी मच गई। चौकीदार की सूचना पर दमकल कर्मियों ने पहुंच कर किसी तरह आग पर काबू पाया। इस हादसे में करीब 10 हजार रुपये की दवाइयां जलकर राख हो गईं।
अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जयन रेश ने बताया कि भोर में 5.45 बजे चौकीदार काशीनाथ ने स्टोर रूम की खिडकी से धुंआ निकलता देख सूचना दी इसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचना देकर अस्पताल के कर्मचारीआग को बुझाने का प्रयास करने लगे। इस दौरान अस्पताल में अफरातफरी का माहौल हो गया। कुछ देर बाद फायर बिग्रेड की टीम पहुंच गई और को काबू में कर लिया। अधीक्षक ने आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया। उन्होंने कहा कि वायरिंग काफी पुरानी हो गई है, जिसे बदलवाया जा रहा है। नुकसान के बारे में बताया कि स्टोर में करीब एक करोड़ रुपये की दवाएं रखी थीं। ज्यादातर दवाओं को सुरक्षित निकाल लिया गया है लेकिन खिड़की के पास रखीं लगभग 10 हजार की दवाएं नष्ट हो गई हैं।