बड़ागांव। रसुलहां गांव की एक महिला खुद को जिंदा साबित करने के लिए ब्लॉक से लेकर जिले तक के अधिकारियों के यहां दौड़ती रही लेकिन कहीं न्याय नहीं मिला। इसके बाद उसने मुख्यमंत्री को पत्र भेज कर गुहार लगाई। महिला के शिकायती पत्र पर मुख्यमंत्री कार्यालय ने जिलाधिकारी को उचित कार्रवाई का निर्देश दिया है।
रसुलहां निवासिनी मन्नी देवी का आरोप है कि पट्टीदारों ने उसे मृत घोषित कर उसकी पैतृक संपत्ति अपने नाम करा ली है। इसके बाद वह खुद को जिंदा साबित करने और अपनी पैतृक संपत्ति पाने के लिए 5 जुलाई 2017 से बीडीओ, जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर गुहार लगाती रही लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। अधिकारियों के रवैये से परेशान महिला ने 12 दिसंबर को मुख्यमंत्री को पत्र भेजा। मुख्यमंत्री कार्यालय ने मन्नी के प्रार्थना पत्र पर कार्रवाई करते हुए जिलाधिकारी को मामले के निस्तारण का निर्देश दिया। इस आशय का मैसेज मन्नी के मोबाइल पर आया तो उसके मन में न्याय की उम्मीद जगी है।