फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आर्केस्ट्रा के दौरान अंधाधुंध हवाई फायरिंग, तोड़फोड़

विज्ञापन
विज्ञापन
वाराणसी/रोहनिया। रोहनिया थाना अंतर्गत माधोपुर कोट गांव में शुक्रवार की रात एक तिलक समारोह में आर्केस्ट्रा के दौरान नर्तकियों के नृत्य को लेकर जमकर फायरिंग हुई। नशे में धुत युवकों द्वारा की जा रही अंधाधुंध फायरिंग से भयभीत लोग आर्केस्ट्रा छोड़ कर भाग निकले। इसी बीच आर्केस्ट्रा बंद और चालू कराने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने हो गए। कहासुनी के दौरान ही दोनों पक्ष ने जमकर हवाई फायरिंग की। इस दौरान उपद्रवियों ने आर्केस्ट्रा के साउंड सिस्टम को तोड़ डाला। घबराकर भागे आर्केस्ट्रा कलाकारों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर दो घंटे बाद पहुंची पुलिस मौके से कारतूस के खोखे उठाकर और वीडियोग्राफी कर वापस लौट आई। अमरा अखरी चौकी प्रभारी ने फोर्स की कमी का हवाला देते हुए घटनास्थल पर जाने से इंकार कर दिया और फरियादी को दो दिन बाद आने को कहा।
विज्ञापन

माधोपुर कोट गांव में शुक्रवार की रात अनुराग ने सोनारपुरा निवासी महेंद्र कुमार का आर्केस्ट्रा लगवाया था। महेंद्र ने बताया कि आर्केस्ट्रा के कलाकार बाहर से आए थे जिसमें से पांच युवक और पांच युवतियां थे। आर्केस्ट्रा शुरू होते ही नशे में धुत लोग कलाकारों के साथ मंच पर जबरन नृत्य करने लगे। इसी दौरान दो गुट आपस में भिड़ गए और फिर फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग से भयभीत होकर आर्केस्ट्रा देख रहे लोग भाग निकले। तिलक समारोह स्थल पर पूरी तरह से अफरातफरी की स्थिति हो गई।
इसके बाद नशे में धुत युवकों ने तोड़फोड़ शुरू कर दी और जबरन डीजे मशीन, एंप्लीफायर और चार माइक सहित 50 हजार रुपये से ज्यादा का सामान उठा ले गए। सौ नंबर पर सूचना दी गई तो दो लगभग दो घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची तब तब उपद्रवी भाग निकले थे। इस संबंध में पूछे जाने पर रोहनिया इंस्पेक्टर क्षितिज त्रिपाठी ने अनभिज्ञता जाहिर करते हुए अमरा अखरी चौकी प्रभारी से जानकारी हासिल की। इसके बाद फटकार लगाते हुए मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई का निर्देश दिया।
विज्ञापन

चौबेपुर में बालू को लेकर विवाद, हवाई फायरिंग
चौबेपुर। रमचंदीपुर गांव में शनिवार को बालू खनन और रास्ते का विवाद तूल पकड़ गया। इस दौरान एक पक्ष ने दूसरे पक्ष को हवाई फायरिंग कर आतंकित करने की कोशिश की। वहीं, पुलिस ने कहासुनी की बात तो मानी लेकिन हवाई फायरिंग की घटना से इंकार किया।
मुस्तफाबाद निवासी कमरेश सिंह का सोता पार रमचंदीपुर में टेगरी सिंह के यहां ननिहाल है। टेगरी सिंह के खेत से बालू लदे ट्रक जाते हैं। बताया जाता है कि शनिवार को कमरेश सिंह की बालू ठेकेदार अभिषेक सिंह के समर्थकों और ट्रक वालों से किसी बात को लेकर कहासुनी होने लगी। इस दौरान दोनों पक्ष के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। ग्रामीणों के अनुसार इस दौरान एक पक्ष की ओर से कई राउंड हवाई फायरिंग की गई। सूचना पाकर मौके पर पुलिस पहुंची। इस संबंध में थानाध्यक्ष चौबेपुर अवनीश राय ने बताया कि अभिषेक सिंह का बालू का ठेका है। रमचंदीपुर के किसान चाहते हैं कि बालू मुफ्त में मिल जाए, इसी बात को लेकर सिर्फ कहासुनी हुई थी। हवाई फायरिंग जैसी कोई बात नहीं थी। मामले को लेकर किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें