वाराणसी। अग्रसेन कन्या पीजी कॉलेज परमानंदपुर परिसर में चल रहे तीन दिवसीय 44वें स्थापना दिवस सृजन के दूसरे दिन पोस्टर, रंगोली, क्ले मॉडलिंग सहित कई प्रतियोगिताएं हुई। पोस्टर प्रतियोगिता में जहां प्रतिभागियों ने पोस्टर पर स्मार्ट सिटी की आकृति बनाकर जागरूक किया वहीं क्ले मॉडलिंग में मिट्टी के प्रयोग से महाराज अग्रसेन की प्रतिमा बनाने की कोशिश की।
समारोह को लेकर छात्राओं में गजब का उत्साह दिख रहा है। चाहे सांस्कृतिक प्रतिस्पर्धा हो या फिर साहित्यिक एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों के माध्यम से आगे निकलने की होड़ लगी है। सुगम संगीत में संकायवार छात्राओं ने भजनों की प्रस्तुति दी। इस दौरान अंत्याक्षरी प्रतियोगिता दूसरे दिन का सबसे शानदार कार्यक्रम रहा। इसमें गाने की धुन पहचान कर गीत गाया। यह प्रतियोगिता कला संकाय की टीम ने जीता। दूसरी ओर वादविवाद के पक्ष में वाणिज्य संकाय विपक्ष में समाज विज्ञान संकाय,काव्य पाठ में गृहविज्ञान प्रथम और आशुभाषण में वाणिज्य संकाय को प्रथम घोषित किया गया। हॉस्टल सफाई और साज सज्जा प्रतियोगिता को लेकर छात्राओं ने बड़े ही आकर्षक ढंग से सजाया था। कमरा नंबर 14 को साफ़ सफाई एवं सज्जा में प्रथम और 26 को द्वितीय घोषित किया गया। उधर दूसरे दिन बतौर मुख्य अतिथि जाने माने शास्त्रीय गायक छन्नू लाल मिश्र ने काशी नगरी में शिव की महिमा अपार है, भूतनाथ की मंगल होरी देख सिहाये छोरी जैसे कई गीत सुनाए। उन्होंने छात्राओं को संगीत की बारीकियां भी बताई। कार्यक्रम की अध्यक्षता गोरखपुर विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो.आर के मिश्रा, स्वागत प्राचार्या डॉ. कुमकुम मालवीय, संचालन डॉ. आभा सक्सेना ने किया। प्रबंधक अनिल जैन ने अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस दौरान पवन सिंह, डॉ. आकाश, डॉ. अनीता सिंह, डॉ. सुनील मिश्र सहित कई लोग मौजूद रहे।