वाराणसी। शारदीय नवरात्र की महानवमी को महिषासुर मर्दिनी की झांकियों के दर्शन के लिए एक पंडाल से दूसरे पंडाल तक लयबद्ध भीड़ चलती रही। पंडालों, प्रतिमाओं को लेकर किए गए संदेशपरक प्रयोग श्रद्धालुओं को लुभाते रहे। स्वच्छ भारत अभियान की कामयाबी, आतंकवाद के खात्मे का महोत्सव की झांकियों में दिया गया संदेश आकर्षण का केंद्र बन गया है।
जगतगंज के विजेता स्पोर्टिंग क्लब में भ्रष्टाचार रूपी महिषासुर का वध देखने के लिए रात भर भीड़ उमड़ती रही। इस चलचित्र वाली झांकी में नोटबंदी, जीएसटी जैसे पीएम नरेंद्र मोदी के कदमों की सराहना की गई है। भ्रष्टाचार के खात्मे के लिए मोदी को मां के भक्त के रूप में दिखाया गया है। इस झांकी में कैलाश खेर का स्वच्छता पर आधारित गीत भी बज रहा है- स्वच्छ भारत का इरादा कर लिया मैंने..। शहर का कोई भी ऐसा पंडाल नहीं था जहां आस्थावानों की भीड़ न रही हो।
सारनाथ चौराहे पर स्थित सारनाथ दुर्गा पूजा समिति की ओर से कंस वध का विद्युत चलित शो दिखाया जा रहा है। पांडेयपुर, भोजूबीर, शिवपुर और नदेसर मार्ग पर भी रात भर मेला घूमने वाले पैदल व बाइक से फर्राटा भर रहे थे। बाबा मछोदरा नाथ से लेकर हथुआ मार्केट और नई सड़क पर सनातन धर्म इंटर कॉलेज परिसर में पहाड़ पर चलती जम्मू-तवी एक्सप्रेस के जरिए वैष्णो देवी दर्शन की झांकी देखने के लिए रेला उमड़ पड़ा था।