वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शहर आगमन के मद्देनजर तैयारियों की जानकारी लेने के लिए डीएम ने सोमवार की सुबह चार अधिकारियों को फोन किया। मगर, किसी ने फोन नहीं उठाया। डीएम ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए चारों अधिकारियों से जवाब तलब किया है। साथ ही, ताकीद की है कि यदि जवाब संतोषजनक प्रतीत नहीं हुआ तो प्रदेश सरकार को कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी।
डीएम योगेश्वर राम मिश्रा ने बताया कि सोमवार की सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन के मद्देनजर तैयारियों के संबंध में जानकारी लेने के लिए मुख्य विकास अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, अधिशासी अभियंता बिजली विभाग और परियोजना अधिकारी डूडा को फोन किया गया। मगर, चारों अधिकारी सोते रहे और किसी का फोन नहीं उठा। यह रवैया ठीक नहीं है और इसके लिए चारों अधिकारियों को फटकार लगाते हुए स्पष्टीकरण तलब किया गया है। प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर लापरवाही बरतने वाले अधिकारी और कर्मचारी बख्शे नहीं जाएंगे।