मनाया गया विश्व टीबी दिवस, टीबी के मरीजों को बांटी गई 310 पोषण पोटली
माई सिटी रिपोर्टर
वाराणसी। विश्व टीबी दिवस सोमवार को मनाया गया। मंडलीय चिकित्सालय में प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक तथा हेरिटेज मेडिकल कालेज में जन-जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। फीडिंग इंडिया संस्था के सौजन्य से मरीजों को 310 पोषण पोटली का वितरण किया गया। वाराणसी में 24 मार्च अभियान के तहत छह लाख 15 हजार 733 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग की जा चुकी है। साथ ही 9781 लोगों का नाट (न्यूक्लिक एसिड एम्प्लीफिकेशन टेस्ट) हुआ है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि विश्व टीबी दिवस के अवसर पर टीबी मरीजों को 310 पोषण पोटली का वितरण किया गया। मंडलीय चिकित्सालय में 35, पं. दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय में 35, शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र काशी विद्यापीठ में 35, शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुर्गाकुंड में 35, शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवपुर में 20, ग्रामीण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिसिरपुर में 35, ग्रामीण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोलापुर में 20, ग्रामीण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरहुआ में 35, ग्रामीण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चिरईगांव में 20, ग्रामीण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिंडरा में 20 तथा ग्रामीण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ागांव में 20 पोटली बांटी गई। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. पीयूष राय ने बताया कि टीबी के मामलों की शीघ्र पहचान और उपचार के लिए सात दिसंबर 2024 को 100 दिवसीय गहन टीबी उन्मूलन अभियान शुरू किया गया था।