वाराणसी। रमजान के दिन बढ़ने के साथ ही बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। ईद की शॉपिंग से पूरा बाजार गुलजार है। दालमंडी और नई सड़क में सुबह से जो भीड़ बढ़नी शुरू हो रही है, देर रात तक खरीदारी का दौर चल रहा है। शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और मॉल भी में लोगाें की जबरदस्त भीड़ उमड़ने लगी है। दशाश्वमेध से लेकर लक्सा और गुरुबाग तक की दुकानों में ईद की शॉपिंग खासतौर से की जा रही है। कपड़ों से लेकर जूते चप्पल, आभूषण और कॉस्मेटिक्स तक की दुकानों पर लोगों की भीड़ लगी हुई है।
रमजान के 20 रोजे बीत चुके हैं। ईद को अब महज आठ या नौ दिन शेष हैं। ऐसे में ईद की शॉपिंग को बहुत कम वक्त रह गया है। इस लिहाज से बाजार में भीड़ उमड़ रही है। ईद पर बच्चों के लिए खास खरीदारी की जा रही है। लड़कों के लिए शेरवानी से लेकर कुर्ता पायजामा, पठानी कुर्ता, जींस टी-शर्ट खासे पसंद किए जा रहे हैं। बच्चियों के लिए लांग गाउन, पार्टी वियर गाउन, फ्रॉक सहित डिजाइनर सूट, जंप सूट, रॉम्पर्स वगैरह पसंद किए जा रहे हैं।
ईद के खास मौके पर ख्वातीन के लिए बहुत कुछ है। लेटेस्ट रेंज की कुर्तियों के साथ-साथ डिजाइनर सूट की शॉपिंग खासतौर से हो रही है। इंडो-वेस्टर्न ड्रेस भी खासे पसंद किए जा रहे हैं। इस बार ईद पर कुछ पुराना फैशन भी नए रंग के साथ लौट कर आ रहा है। इसमें सेमी गरारा लुक वाले सूट व गाउन, अनारकली ड्रेस, मैक्सी गाउन वगैरह शामिल हैं। वैसे युवतियां डिजाइनर कुर्तियां ज्यादा पसंद कर रही हैं। कॉटन से लेकर नेट, शिफॉन, जार्जेट, सिल्क जैसे फैब्रिक में ये डिजाइनर कुर्तियां मौजूद हैं। कपड़ों के साथ ही जेवर, सैंडल वगैरह की दुकानों पर भी महिलाओं की जबरदस्त भीड़ है। मैचिंग चूड़ियां, ईयररिंग, झुमके, कंगन खरीदने में भी महिलाएं पूरा जोर दे रही हैं।