मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने और संशोधन के लिए शनिवार को चलाए गए विशेष अभियान में जिले भर से कुल 6372 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए फाॅर्म-6 के 5665, मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए फाॅर्म-7 के 303 और संशोधन व स्थानांतरण के लिए फाॅर्म-8 के 404 आवेदन शामिल हैं।
विज्ञापन
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर आयोजित अभियान के दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने बूथों पर एएसडी और मैपिंग सूची के साथ मौजूद रहे। उन्होंने पात्र मतदाताओं से आवेदन प्राप्त करने के साथ ही उनकी समस्याओं और सवालों का समाधान भी किया। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येंद्र कुमार, उप जिला निर्वाचन अधिकारी पंकज कुमार समेत सभी विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों और बीएलओ सुपरवाइजरों ने बूथों का भ्रमण कर अभियान का जायजा लिया। इस दौरान सभी बीएलओ बूथों पर उपस्थित मिले। मतदाता सूची में नाम छूटने पर करें आवेदन जिला प्रशासन के अनुसार, अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची की पीडीएफ जिले की वेबसाइट varanasi.nic.in पर उपलब्ध है। सूची में नाम छूटने पर नए पंजीकरण के लिए फाॅर्म-6, नाम हटाने के लिए फाॅर्म-7 और नाम में संशोधन या पते के स्थानांतरण के लिए फाॅर्म-8 भरकर आवश्यक दस्तावेज के साथ संबंधित बीएलओ को उपलब्ध कराया जा सकता है।