भारतीय स्काउटिंग के जनक पं. श्रीराम वाजपेयी की जयंती पर पराड़कर स्मृति भवन में श्री अग्रसेन स्वतंत्र स्काउट दल की ओर से सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि साहित्यकार डॉ. अमरनाथ शर्मा और विशिष्ट अतिथि लक्ष्मीकांत शुक्ला व गंगासागर रहे। दल के अध्यक्ष संतोष कुमार अग्रवाल सहित विभिन्न स्कूलों के स्काउट-गाइड प्रतिनिधियों ने श्रद्धा सुमन अर्पित किए। वल्लभपीठ बालिका इंटर कॉलेज की गाइड्स ने स्वागत गीत गाया और योग का प्रदर्शन किया। हरिश्चंद्र बालिका इंटर कॉलेज की गाइड्स ने कजरी से माहौल को खुशनुमा बना दिया। इस अवसर पर राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित रायबरेली के लक्ष्मीकांत शुक्ला को स्काउट रत्न से सम्मानित किया गया। समारोह में उपराष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित जगतपुर पीजी कॉलेज के रोवर और राज्य पुरस्कार प्राप्त 53 स्काउट-गाइड्स को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। संचालन नरसिंह दास अग्रवाल ने किया और अध्यक्षता संतोष अग्रवाल ने की।