वाराणसी। बीएचयू इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (आईएमएस) के पांच दिवसीय वार्षिकोत्सव के चौथे दिन प्रतिभागियों ने गीतों की प्रस्तुति के साथ ही फेस पेंटिंग में चेहरे पर अलग-अलग आकृतियां बनाकर लोगों का दिल जीत लिया। इसमें किसी ने कार्टून का फेस बनाया तो किसी ने पेड़ पौधा बनाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। चौथे दिन के आकर्षण का केंद्र शंकारा बैंड रहा, जिसकी अलग-अलग धुनों पर छात्र-छात्रा थिरकते रहे।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चौथे दिन सोमवार की शुरुआत रूइया हॉस्टल खेल मैदान पर खेल से हुआ। इसमें छात्र-छात्राओं ने दौड़, बैडमिंटन सहित खेल की अन्य प्रतियोगिताओं में दम दिखाया। इसके बाद स्वतंत्रता भवन में एकल, समूह गायन में पुराने हिंदी फिल्मों के साथ ही बॉलीवुड के गीतों को गुनगुनाया। हर प्रस्तुति पर दर्शकों ने भी ताली बजाकर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।
फेस पेंटिंग में किसी ने जानवर तो किसी ने सुपर हीरो और कार्टून का फेस बनाया। इसके अलावा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, पर्यावरण संरक्षण की थीम पर भी पेंटिंग बनाकर लोगों को जागरूक किया। इसके बाद अंशु मोर ने अपनी कॉमेडी से सभी को गुदगुदाया। इस दौरान मिस्टर एंड मिस एलिक्जर कंपटिशन में रंग बिरंगे परिधानों के साथ प्रतिभागी मंच पर उतरे और अपनी अदा का जादू बिखेरा। शाम सात बजे से शुरू प्रो. नाइट में शंकारा बैंड के कलाकारों ने एक से बढ़कर एक गीतों की धुन बजाकर सभी को झूमने पर मजबूर कर दिया। पांच दिवसीय वार्षिकोत्सव का समापन मंगलवार को होगा।