वाराणसी। ढेलवरिया की बबिता देवी के ढाई माह के बच्चे को चुराने वाली तथाकथित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता का बुधवार को भी पुलिस पता नहीं लगा पाई। पुलिस के अनुसार सीसी कैमरे में कैद महिला की फुटेज जिले के सभी थानों के साथ ही सोशल मीडिया पर वायरल की गई है। सर्विलांस की मदद ली गई लेकिन महिला का पता नहीं लग पा रहा है। उधर, बच्चा न मिलने से बबिता और उसके पिता संदीप का रो-रोकर बुरा हाल है। आशंका जताई गई है कि महिला ह्यूमन ट्रैफिकिंग गिरोह से जुड़ी हुई है। वैसे पुलिस ह्यूमन ट्रैफिकिंग गिरोह से जुड़े लोगों की कुंडली भी खंगाली जा रही है।
दो फरवरी को बबिता के घर आई महिला उसे सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की बात कह कर बेनियाबाग स्थित सरकारी अस्पताल ले गई थी। अस्पताल में बबिता से पानी लाने की बात कह कर उसके बच्चे को लेकर महिला भाग निकली। प्रकरण को लेकर चौक थाने में अज्ञात महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। महिला की खोजबीन के लिए चौक और जैतपुरा थाने की पुलिस के साथ ही क्राइम ब्रांच की टीम लगी हुई है लेकिन उसका पता नहीं लग पा रहा है।