वाराणसी। प्रवासी भारतीय सम्मेलन से पहले शहर के कई हिस्सों का लुक बदलने की तैयारी है। इसमें हस्तकला संकुल से लेकर भोजूबीर मार्ग, रिंग रोड और गंगा घाटों को विशेष लुक दिया जाएगा। प्रवासियों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में फसाड और फोकस लाइट लगाया जाएगा।
रिंग रोड किनारे बस रहे बालेश्वर अग्रवाल नगर (टेंट सिटी) को आकर्षक बनाने के साथ ही हस्तकला संकुल में भी बदलाव किया जा रहा है। इसमें प्रवेश करते ही बौद्ध दर्शन होगा। इसके अलावा भोजूबीर सिंधोरा मार्ग को चौड़ा करने के साथ ही फसाड लाइट से खूबसूरत बनाया जा रहा है। पर्यटन विभाग को इसके लिए 18 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। गंगा घाटों पर भी फोकस लाइट लगाया जा रहा है। प्रमुख मार्गो पर लाइटिंग आदि की जाएगी। मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल ने बताया कि विभागों की ओर से शहर को बेहतर करने की कार्ययोजना बनाई गई है। इसमें नगर निगम, विकास प्राधिकरण सहित अन्य विभाग काम कर रहे हैं। विदेश मंत्रालय की ओर से गठित कमेटी इनके कामों की प्रत्येक दिन की मॉनिटरिंग कर रही है।
टेंट में दिखेगा गांव का माहौल
अत्याधुनिक सुविधाओं से लैश टेंट का लुक भी आकर्षक बनाने के लिए दरवाजे पर लालटेन के साथ ही थोड़ा ग्रामीण लुक दिया जा रहा है। इसके अलावा यहां हाउस कीपिंग से लेकर टेलिफोन और इंटरकाम की सुविधा होगी। मेहमानों की सहूलियत के लिए हर ब्लाक का यूनिक नंबर होगा।