वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत में शहर में जगह जगह सजावट की तैयारियां चल रही हैं। शहर के प्रमुख स्थानों को लेकर परियोजनाओं तक में भव्य सजावट की जा रही है। प्रधानमंत्री काशीवासियों के इस स्वागत को हेलीकाप्टर से देखेंगे। वाजिदपुर की जनसभा के बाद प्रधानमंत्री का हेलीकाप्टर आसमान में शहर के ऊपर चक्कर लगाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आठ नवंबर को काशी दौरे में प्रधानमंत्री के भव्य स्वागत के निर्देश दिए थे। ऐसे में प्रशासन ने सरकारी भवनों को फसाड और फोकस लाइट सहित अन्य संसाधनों से सजाया है। इसके अलावा विभिन्न संगठनों से संवाद करके प्रतिष्ठानों और घरों को सजाने की अपील की गई है। प्रधानमंत्री को काशीवासियों का उत्साह दिखाने के लिए प्रदेश सरकार की ओर से तैयारी है। माना जा रहा है कि वाजिदपुर में जनसभा समाप्त होने तक शाम छह बज जाएंगे और हल्का अंधेरा हो जाएगा। ऐसे में प्रधानमंत्री को काशी में स्वागत के लिए हुई सजावट को आसमान से दिखाया जाएगा।
तैयारियों को जानने के लिए दौरा
पीएम के आगमन से पहले परियोजनाओं को अंतिम रूप देने और तैयारियों को पुख्ता करने के लिए मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल, जिलाधिकारी सुरेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने दौरा किया। इसमें मौके पर नियुक्त अधिकारियों को निर्देश भी दिया गया। उधर, देर शाम बैठक कर मंडलायुक्त ने अधिकारियों को पीएम के आगमन से 24 घंटे पहले से ही अलर्ट मोड पर रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में मिली जिम्मेदारी को लेकर संजीदा रहें।