वाराणसी। लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के पार्किंग का ठेका गुरुवार को अचानक निरस्त किए जाने के फैसले के विरुद्ध कार्यदायी संस्था ने हाईकोर्ट में अपील की है। इसकी सुनवाई 22 अक्तूबर को होगी। इसके अलावा कार्यदायी संस्था संतोष इंटर प्राइजेज के प्रबंध निदेशक भोलानाथ शुक्ल ने एयरपोर्ट अधिकारियों पर कई गंभीर आरोप भी लगाए।
गुरुवार को पार्किंग मैनेजर को एयरपोर्ट निदेशक ने बुलाकर कहा कि आपका टेंडर निरस्त कर दिया गया है। शुक्रवार से आप लोग पार्किंग चार्ज नहीं वसूलेंगे। जिसके बाद शुक्रवार से एयरपोर्ट अथॉरिटी स्वयं पार्किंग वसूलने लगी। कार्यदायी संस्था पर यह आरोप लगाया गया कि संस्था द्वारा जमा किया गया बैंक डिटेल फज़ीर् है। जबकि संस्था के प्रबंध निदेशक भोलानाथ शुक्ला के अनुसार तीन साल पूर्व उन्हें यहां टेंडर मिला था। उस समय भी दस्तावेज पर सवाल उठाया गया था। जिसके बाद बैंक से प्रमाणित कराकर पुन: सभी दस्तावेज जमा किया गया। इस संबंध में एयरपोर्ट निदेशक अनिल कुमार राय ने बताया कि टेंडर मुख्यालय के निर्देश पर निरस्त किया गया है। ठेकेदार द्वारा डेढ़ करोड़ की बैंक गारंटी जमा की गई थी जो जांच में फर्जी निकली है।