रोहनिया/मिर्जामुराद। रोहनिया और मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में एक अधेड़ और बुजुर्ग की मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंची इलाकाई थाने की पुलिस ने दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। इस दौरान मोहनसराय में गुस्साए लोगों ने जाम लगा दिया था जिन्हें पुलिस ने समझाबुझाकर शांत कराया।
बड़ागांव के असवारी निवासी शिवशंकर उर्फ लहुरी पटेल (45) रविवार को अपने साढ़ू कपरफोरवा निवासी नंदलाल पटेल के साथ बाइक से अपनी बेटी के घर कंठीपुर जा रहे थे। मोहनसराय में सड़क पार करने के दौरान रामनगर की ओर से आ रहे गैस टैंकर की टक्कर से शिवशंकर सड़क पर गिर पड़े और उन्हें कुचलते हुए टैंकर आगे निकल गया। हादसे में मौत से गुस्साए स्थानीय लोगों ने मौके पर जाम लगा दिया। सूचना पाकर पुलिस आई तो लगभग आधा घंटे बाद वाहनों का आवागमन शुरू हुआ।
उधर, मिर्जामुराद थाना अंतर्गत भिखारीपुर स्थित पेट्रोल पंप के समीप शनिवार की रात खजुरी स्थित ससुराल जा रहे लोहता के धन्नीपुर निवासी अमरनाथ शर्मा (65) को किसी वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में अमरनाथ की मौके पर ही मौत हो गई।