वाराणसी। आदमपुर थाना अंतर्गत आलमपुरा क्षेत्र निवासी बिल्डिंग कांस्ट्रक्शन व्यवसायी नूर एहसान से जेल से जमानत पर छूटे बदमाश शाहरुख और बाबू उर्फ किट्टू ने रंगदारी मांगी है। रंगदारी ने देने पर जान से मारने की धमकी दी गई है। मामले को लेकर व्यापारी की तहरीर पर गुरुवार को चौक थाने में दालमंडी के छत्तातले निवासी शाहरुख और बड़ी पियरी के बाबू के खिलाफ रंगदारी मांगने, आपराधिक षड्यंत्र सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है।
चौक पुलिस को नूर एहसान ने बताया कि लगभग पांच महीने पहले बाबू उर्फ किट्टू ने उनसे रंगदारी मांगी थी। मामले को लेकर उन्होंने चौक थाने पर मुकदमा दर्ज कराया था। इन दिनों उनका काम बेनिया क्षेत्र में चल रहा है। इसे लेकर उनका बेनिया आना-जाना लगा रहता है। बुधवार को दोपहर में दो बजे के लगभग शाहरुख उनकी साइट पर पहुंचा और उनके बारे में काम कर रहे मजदूरों से पूछने लगा। मजदूरों ने बताया कि नूर एहसान यहां नहीं है। इस पर शाहरुख ने कहा कि तुम सब उसे समझा देना कि मुझे किट्टू ने भेजा है। पिछली बार भी नूर एहसान ने किट्टू को गच्चा देकर रंगदारी नहीं दी थी लेकिन इस बार ऐसा नहीं होगा। रंगदारी न देने पर नूर एहसान की हत्या कर दी जाएगी। इस संबंध में इंस्पेक्टर चौक ने बताया कि मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी गई है।