ज्ञानपुर। कैश की किल्लत के बीच एक दिन के अंदर सभी एटीएम भरने के सरकार के आदेश के बाद भी बृहस्पतिवार को जिले के 70 फीसदी एटीएम खाली रहे। पैसे न होने से ज्यादातर एटीएम के शटर गिरे रहे। एसबीआई, बैंक ऑफ इंडिया और निजी बैंकों के इक्का-दुक्का एटीएम में रुपये थे, जो सुबह खुलने के कुछ ही देर बाद खाली हो गए। ऐसे एटीएम में लंबी कतारें लगी रहीं। करेंसी चेस्ट से बैंकों को पर्याप्त कैश नहीं मिलने के कारण पिछले चार दिन से यह समस्या बनी हुई है। एटीएम खाली होने से बैंकों में भी भीड़ बढ़ गई है।
शादी-विवाह का सीजन शुरू होने के साथ ही रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने के लिए लोगों को इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। पिछले चार-पांच दिनों से जिले के एटीएम खाली होने की वजह से कैश की किल्लत बढ़ गई है। बृहस्पतिवार को भी कहीं एटीएम का शटर गिरा रहा तो कहीं एटीएम शो-पीस बने रहे। ज्ञानपुर, भदोही, गोपीगंज, जंगीगंज, औराई, महाराजगंज, चौरी आदि इलाकों में गिनती के निजी बैंकों के एटीएम को छोड़ दें तो लगभग सभी प्रमुख बैंकों के एटीएम में कैश नहीं था। इसके चलते पैसे के लिए लोग बैंकों की दौड़ लगाते दिखे। ज्ञानपुर में बैंक ऑफ बड़ौदा, कैनरा बैंक, इंडियन बैंक, यूनियन बैंक, सेंट्रल बैंक के एटीएम खाली रहे। एसबीआई की मुख्य शाखा के सामने स्थित बैंक के दो एटीएम में से केवल एक में पैसा था, जिसमें लंबी कतार के बीच मारामारी मची रही। इसी तरह एचडीएफसी और एक्सिस बैंकों के इक्का-दुक्का एटीएम में पैसे थे, बाकी खाली थे। एलडीएम अमिताभ सेन ने कहा कि स्टेट बैंक और बैंक ऑफ इंडिया का अपना करेंसी चेस्ट स्थानीय स्तर पर है। इन बैंकों के एटीएम में कैश की किल्लत कम है। बाकी बैंकों का पैसा कानपुर से इलाहाबाद करेंसी चेस्ट में आता है। फिर वहां से भदोही आता है। इसमें समय लगता है। वहीं, बैंकों में भीड़ बढ़ जाने से एटीएम के लिए कैश नहीं बच रहा। हालांकि यह दिक्कत जल्दी दूर कर ली जाएगी।