वाराणसी। विश्वनाथ मंदिर परिक्षेत्र के विस्तार योजना में जिन लोगों को विस्थापित किया जाएगा। उनको मंदिर प्रशासन की ओर से फ्लैट बनाकर दिए जाएंगे। इसके लिए पूरी कार्ययोजना तैयार हो गई है। पहले चरण में 600 फ्लैट्स बनाने की योजना है। इसके लिए जमीन भी मंदिर परिसर के बगल में ही चिन्हित कर ली गई है। जरूरत पड़ी तो फ्लैटस की संख्या और भी बढ़ाई जा सकती है।
पीएम के ड्रीम प्रोजेक्ट में शामिल काशी विश्वनाथ मंदिर परिक्षेत्र के विस्तारीकरण योजना में सबसे मूल समस्या उस क्षेत्र के लोगों का विस्थापन था। इसके लिए काफी बवाल भी चल रहा था। लोगों की मांग थी कि हम अपना घर देने के बाद कहां जाएंगे। इस बवाल से निपटने के लिए ही मंदिर प्रशासन ने सबसे पहले इस समस्या से निपटने का प्लान तैयार किया। डीरेका में प्रजेंटेशन के दौरान भी जब पीएम के सामने यह बात आई तो उन्होंने इस बारे में पूछा कि विस्थापितों की क्या प्लानिंग है, इनको सुविधा स्वरूप क्या मिलेगा, इस पर सीएम ने उनको फ्लैट्स बनाकर देने की बात कही। वीडीए सचिव विशाल सिंह ने बताया कि मंदिर परिक्षेत्र के समीप ही एक जमीन खरीदी गई है, जहां मल्टीस्टोरी बिल्डिंग बनाई जाएगी। इस बिल्डिंग के सभी फ्लैटस टू बीएचके के होंगे, ताकि विस्थापितों को र्कोई परेशानी न हो।