वाराणसी। सूबे के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी के निर्देश के करीब चार महीने बाद शासन ने वाराणसी के उप निबंधक चतुर्थ राजेश सिंह और जौनपुर के उप निबंधक सदर श्रीनिवास यादव को निलंबित कर दिया है। शासन का निर्देश सोमवार को आईजी स्टांप के यहां पहुंच गया है। अगले एक-दो दिनों में निलंबित अधिकारियों का आदेश का तामिला करा दिया जाएगा। दोनों अधिकारियों के निलंबन को लेकर अमर उजाला ने खबर छापी थी। सूत्रों की मानें तो मंत्री ने खबर का संज्ञान लेकर विभागीय अफसरों को फटकार लगाई थी।
स्टांप एवं न्यायालय शुल्क, पंजीयन एवं नागरिक उड्डयन विभाग के मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने 25 अगस्त को सर्किट हाउस में मंडलीय समीक्षा बैठक की थी। सब रजिस्ट्रार चतुर्थ राजेश कुमार सिंह ने मंत्री के आगमन के एक दिन पूर्व गुरुवार को एक साथ 50 लोगों को वसूली का नोटिस भेजा था। साथ ही, उन्हें रजिस्ट्री कराने की प्रक्रिया की भी पूरी जानकारी नहीं थी। जौनपुर सदर के सब रजिस्ट्रार श्रीनिवास अपने राजस्व लक्ष्य से काफ ी पीछे थे। वह कई विभागीय सवालों के जवाब भी नहीं दे पाए थे।